हरियाणा पुलिस ने साइबर ठगों के नए जाल को लेकर चेतावनी जारी की है। अनजान पेमेंट रिक्वेस्ट पर कभी भी यूपीआई पिन दर्ज न करें, वरना बैंक खाता खाली हो सकता है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने साइबर ठगी के नए और खतरनाक तरीके को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, ठग पहले लॉटरी, कैशबैक या किसी आकर्षक ऑफर का लालच देते हैं और फिर UPI ऐप पर Payment Request भेजकर लोगों को जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं।

हरियाणा पुलिस ने साफ कहा है कि जैसे ही कोई व्यक्ति ऐसे अनुरोध पर UPI PIN दर्ज करता है, उसके खाते से पैसे कट सकते हैं। पुलिस की अपील है कि UPI PIN का इस्तेमाल पैसे भेजने के लिए होता है, पैसे प्राप्त करने के लिए नहीं।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि पैसे पाने के लिए QR कोड स्कैन करने या PIN डालने की जरूरत नहीं होती। इसलिए किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध संदेश या Payment Request पर भरोसा न करें।

हरियाणा पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की है। किसी भी साइबर अपराध की शिकायत 1930 हेल्पलाइन पर की जा सकती है या cybercrime.gov.in पर दर्ज कराई जा सकती है।