पलवल। सड़क पर पंचर हुई स्कूटी छोड़ने के एवज में रिश्वत मांगना डायल-112 से जुड़े दो पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की पलवल टीम ने कार्रवाई करते हुए सिपाही हरीश को नौ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले में सिपाही दीपक को भी गिरफ्तार किया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 28 सितंबर को उसका परिजनों के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर से चला गया। परिजनों ने मामले की सूचना डायल-112 पर दी थी। बाद में वह अपने दोस्त की एक्टिवा से घर लौट रहा था। इसी दौरान डायल-112 की टीम को देखकर वह घबरा गया और स्कूटी लेकर वहां से निकल गया।

रास्ते में एक्टिवा का टायर पंचर हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता स्कूटी को सड़क पर ही छोड़कर वहां से चला गया। आरोप है कि पुलिस टीम ने बाद में स्कूटी को अपने कब्जे में ले लिया।

शिकायत के मुताबिक, 30 सितंबर को सिपाही दीपक ने फोन करके उसे किठवाड़ी रोड स्थित एक धान मिल के पास बुलाया। वहां दीपक और हरीश ने स्कूटी वापस करने के बदले उससे 10 हजार रुपये मांगे। बातचीत के बाद रकम नौ हजार रुपये में तय हुई।

इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता नौ हजार रुपये लेकर वंदेमातरम स्कूल के पीछे स्थित मुकेश कुमार के निर्माणाधीन मकान में पहुंचा।

बताया गया है कि जैसे ही हरीश ने नौ हजार रुपये लिए, ACB टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। वहां मौजूद सिपाही दीपक को भी पूछताछ के बाद हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के फरीदाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की ओर से मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और घटनाक्रम की भी पड़ताल की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m