चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में बुधवार का दिन बयानों, आरोप-प्रत्यारोप और संगठनात्मक हलचल से भरा रहा। गढ़ी सांपला-किलोई में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने BJP सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के संकेत दिए, वहीं कांग्रेस नेताओं ने किसान, लोकतंत्र और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा। दूसरी ओर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के पटियाला में औद्योगिक निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर बात रखी।
इसी बीच BJP ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए स्मृति ईरानी को हरियाणा का प्रभारी और डॉ. भोला सिंह को सह-प्रभारी नियुक्त किया। वहीं राज्यसभा सांसद एवं BJP राष्ट्रीय महामंत्री संजय भाटिया को राजस्थान का प्रभारी बनाया गया।
हुड्डा बोले- ‘भिड़ जा’, अब आर-पार की लड़ाई: गढ़ी सांपला-किलोई में कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने समर्थकों के बीच BJP सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने ‘कुणबे’ से पूछ लिया है और वहां से आदेश मिला है- ‘भिड़ जा।’ हुड्डा ने कहा कि अब BJP सरकार से जवाब मांगने का समय आ गया है और वह पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे। उन्होंने जनता को अपनी असली ताकत बताते हुए कहा कि लोगों ने पहले भी साथ देकर सरकार बनाई है और अब फिर उनके समर्थन की जरूरत है। हुड्डा ने मौजूदा सरकार को लेकर भी तीखी टिप्पणी की और राजनीतिक बदलाव का आह्वान किया।
CM सैनी का पटियाला में उद्योग पर जोर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के पटियाला में ‘विनिर्माण के माध्यम से भारत को सशक्त बनाना’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। उन्होंने दौलतपुर में प्रस्तावित औद्योगिक प्लांट का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस परियोजना से 465 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा के साझा प्रयासों से यह क्षेत्र उत्पादन, नवाचार और रोजगार का मजबूत केंद्र बन सकता है। उन्होंने भारतीय उद्यमिता, तकनीक और मेहनत को भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण बताया।
धान खरीद पर सुरजेवाला का सरकार पर हमला: कांग्रेस
नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने धान की सरकारी खरीद और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को लेकर हरियाणा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं और इसी बीच शाम 6 बजे से सुबह 10 बजे तक कंबाइन हार्वेस्टर से धान की कटाई पर रोक का आदेश किसानों की परेशानी बढ़ा सकता है। सुरजेवाला ने कहा कि सीमित समय में कटाई होने से मशीनों के किराये का बोझ बढ़ सकता है। उन्होंने मंडियों में खरीद व्यवस्था, टाइम स्लॉट, बायोमेट्रिक व्यवस्था और पराली प्रबंधन से जुड़े नियमों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने ‘रेड एंट्री’ और जुर्माने जैसे प्रावधानों का मुद्दा उठाते हुए सरकार से किसान हित में फैसले लेने की मांग की।
BJP ने रखा किसानों के हित में सरकार का पक्ष
हरियाणा BJP ने किसानों को लेकर सरकार की नीति का बचाव करते हुए कहा कि सरकार उनकी मेहनत और उपज के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी ने कहा कि किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदने के संकल्प के साथ उन्हें भरोसा और संबल देने का काम किया जा रहा है। BJP ने CII एग्रोटेक का उल्लेख करते हुए आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत मशीनरी और नवाचार के जरिए खेती को अधिक उन्नत और लाभकारी बनाने की बात कही।
संपत सिंह ने नूंह को लेकर INLD का कनेक्शन बताया
INLD नेता संपत सिंह ने नूंह में प्रस्तावित सम्मान दिवस कार्यक्रम को पार्टी के लिए ऐतिहासिक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल को मेव-मुस्लिम समुदाय का मजबूत समर्थन मिला था। संपत सिंह ने कहा कि INLD इस क्षेत्र के लोगों के साथ फिर से जुड़ने और उनका विश्वास हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कुमारी शैलजा ने संगठन से लेकर किसान और लोकतंत्र के मुद्दे उठाए
सिरसा सांसद कुमारी शैलजा ने टोहाना और भट्टू में कांग्रेस के कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों से संवाद किया। टोहाना के ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में उन्होंने हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त की सभी को साथ लेकर चलने वाली कार्यशैली की सराहना की। वहीं भट्टू में उन्होंने BJP सरकार की नीतियों को लेकर किसान, मजदूर, युवा और आम परिवारों की समस्याओं का मुद्दा उठाया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनहित के सवालों को गांव, बूथ और घर-घर तक ले जाने का आह्वान किया। शैलजा ने नत्थूसरी चौपटा सहित क्षेत्रीय मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगने की बात कही। इसी कार्यक्रम में उन्होंने The Indian Express की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता से जुड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण फैसलों को लेकर आयोग के भीतर दर्ज आपत्तियों पर मतदाताओं को स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख किया।
दीपेंद्र हुड्डा ने BJP पर लगाया ‘जनादेश की चोरी’ का आरोप
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने चरखी दादरी में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने BJP पर लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों को लेकर आरोप लगाए। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि BJP पर पहले वोट और फिर राजनीतिक प्रतिनिधियों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रियता के साथ जनता के बीच पहुंचने का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
BJP में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल
BJP ने कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। हरियाणा में पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को प्रभारी और सांसद डॉ. भोला सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं हरियाणा से राज्यसभा सांसद और BJP राष्ट्रीय महामंत्री संजय भाटिया को राजस्थान का प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी के इस फेरबदल के बाद हरियाणा BJP के संगठनात्मक कामकाज और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
कुल मिलाकर बुधवार को हरियाणा की सियासत में ‘भिड़ जा’ वाला हुड्डा का बयान सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। इसके साथ ही धान खरीद और किसानों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस और BJP के बीच आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जहां औद्योगिक निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर जोर दिया, वहीं BJP के संगठनात्मक फेरबदल ने प्रदेश की राजनीति में एक और नई चर्चा जोड़ दी।
- यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसा : 9 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति मुर्मू, राजनाथ सिंह और योगी ने जताया दुख, PM ने किया मुआवजे का ऐलान
- स्टाफ बस में आग से आक्रोश: मंत्रालय कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग
- ‘न माफी मांगूंगा, न पीछे हटूंगा’, 500 करोड़ के मानहानि नोटिस पर आदित्य ठाकरे ने 25 पेज में दिया जवाब
- पोस्टर वार: स्मृति ईरानी के प्रभारी बनने पर कांग्रेस का तंज, साव बोले- अमेठी की पटखनी का खौफ दिख रहा…
- तार-तार हुए रिश्ते! कलयुगी पिता ने 3 मासूम बेटियों के साथ पार की हैवानियत की हदें, पुलिस ने भेजा सलाखों के पीछे


