फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल से बिजली और पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। फरीदाबाद के कई इलाकों में बुधवार रात से बिजली गुल रही। गुरुवार को करीब 18 घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी हुई। इन्वर्टर बंद होने के बाद घरों में पानी की किल्लत बढ़ी। कुछ डॉक्टरों को क्लीनिक बंद करने पड़े, जबकि ढाबों और रेस्तरां का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
बिजली कर्मचारी निजी कंपनी को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने के विरोध और लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। बिजली बहाल नहीं होने और शिकायतों का समाधान नहीं मिलने से नाराज लोगों ने फरीदाबाद के एनआईटी-2 में सड़क जाम कर दिया।
हेल्पलाइन पर फोन नहीं लगने से नाराजगी
फरीदाबाद में लोगों ने जिला प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लगने की शिकायत की। सरूरपुर स्थित श्याम नगर फेस-2 के मुकेश, धनंजय सिंह और रोहित सहित संजय कॉलोनी के दीपक और अन्य लोगों ने भी संपर्क नहीं हो पाने की बात कही।
शिकायतों का समाधान नहीं होने से नाराज लोगों ने एनआईटी-2 में सड़क जाम कर बिजली निगम और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित हुआ। स्कूल बस को भी रास्ता नहीं मिल सका।
प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि सरकार और बिजली निगम के बीच चल रहे विवाद का खामियाजा आम लोगों को क्यों भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने और शिकायतों के समाधान की प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की।
इन्वर्टर बंद, क्लीनिक और कारोबार प्रभावित
लंबे समय तक बिजली नहीं आने से कई इलाकों में इन्वर्टर भी बंद हो गए। बिजली और पानी की कमी के कारण छोटे ढाबों और रेस्तरां को बंद करना पड़ा। कुछ डॉक्टरों ने भी अपने क्लीनिक बंद कर दिए, जिससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़े।
ग्रेटर फरीदाबाद की सोसाइटियों, औद्योगिक इकाइयों और कई अस्पतालों में जनरेटर चलाकर कामकाज जारी रखा गया। लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई तो रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना और मुश्किल हो जाएगा।
पलवल में बिजली-पानी का संकट, शिकायत केंद्रों पर ताले
पलवल में भी हड़ताल के पहले दिन कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। न्यू कॉलोनी, बाली नगर कैंप, जवाहर नगर कैंप के कुछ हिस्सों, पंचवटी कॉलोनी, एकता नगर, आदर्श कॉलोनी और सत्य साईं अस्पताल सहित कई जगह बिजली गुल रही। बिजली नहीं आने से पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ा।
लघु सचिवालय के कई कार्यालयों में कर्मचारी बंद पंखों के बीच काम करते नजर आए। बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे उपभोक्ताओं को शिकायत केंद्रों पर कर्मचारी नहीं मिले। कई केंद्रों पर ताले लगे होने की बात भी सामने आई।
24 अक्टूबर तक जारी रहेगी हड़ताल
बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के राज्य उपप्रधान जितेंद्र तेवतिया ने बताया कि गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को बिजली वितरण का लाइसेंस देने के विरोध और लंबित मांगों को लेकर हड़ताल की गई है। उनके मुताबिक, हड़ताल 24 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

