Haryana Public Representatives Conference : चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 2 नवंबर को पंचकूला में होने वाले जनप्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल होंगे। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने रविवार शाम संत कबीर कुटीर पहुंचकर मुख्यमंत्री को सम्मेलन के उद्घाटन और समापन सत्र में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।

संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर होगा जोर

जनप्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों के बीच संविधान, संसदीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक परंपराओं को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने संविधान पखवाड़े के तहत होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की। बैठक में संविधान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और संसदीय प्रणाली को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

2 नवंबर से शुरू होगा संविधान पखवाड़ा

हरियाणा विधानसभा की ओर से 2 नवंबर से संविधान पखवाड़े की शुरुआत की जाएगी। इसके अंतर्गत संविधान, संसदीय प्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों में लोकसभा का भी सहयोग रहेगा।

जनप्रतिनिधि सम्मेलन संविधान पखवाड़े के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल है। इसके जरिए जनप्रतिनिधियों के बीच संवैधानिक जिम्मेदारियों और लोकतांत्रिक परंपराओं को लेकर संवाद को बढ़ावा देने की योजना है।