हरियाणा में शनिवार को कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई। सोनीपत, गुरुग्राम और रेवाड़ी में बारिश का दौर जारी रहा। गुरुग्राम और रेवाड़ी में कई जगह जलभराव हो गया। गुरुग्राम में नेशनल हाईवे-48 पर नरसिंहपुर के पास पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने शनिवार को प्रदेश के 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 सितंबर तक प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।
15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक और फतेहगढ़ से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से 7 सितंबर तक प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
8 सितंबर से कमजोर पड़ सकता है मानसून
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, प्रदेश में बादलवाही के साथ उत्तरी और दक्षिणी जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।
इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। वहीं, रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। डॉ. खीचड़ के अनुसार, 8 सितंबर से प्रदेश में मानसून की सक्रियता फिर कम होने के आसार हैं।
किसानों के लिए भी सलाह
बारिश का दौर थमने तक किसानों को फसलों में सिंचाई और कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है। खेतों में जलभराव से बचने के लिए जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अगस्त में सामान्य से 7 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में मानसून की एंट्री एक जून के आसपास हुई थी। तीन महीने बीतने के बाद अगस्त में हरियाणा में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।
अगस्त में सामान्य 146.1 मिमी के मुकाबले 135.4 मिमी बारिश हुई। यह सामान्य से करीब 7 फीसदी कम है। पिछले तीन साल में अगस्त की यह सबसे कम बारिश है।
1 जून से 31 अगस्त तक प्रदेश में कुल 283.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में सामान्य बारिश 349.9 मिमी रहती है।
कुछ जिलों में ज्यादा, कुछ में कम बारिश
जिलावार आंकड़ों के अनुसार, नूंह में सामान्य से 25 फीसदी, पलवल में 26 फीसदी, गुरुग्राम में 17 फीसदी, फरीदाबाद में 7 फीसदी और भिवानी में 41 फीसदी अधिक बारिश हुई है।
इसके उलट करनाल में सामान्य से 68 फीसदी, जींद में 51 फीसदी, कैथल में 49 फीसदी, अंबाला में 37 फीसदी और रोहतक में 19 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



