हरियाणा नगर पालिका सफाई कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर चल रही हड़ताल तीन दिन और बढ़ा दी है। राज्य प्रधान नरेश कुमार ने रविवार को करनाल पहुंचकर कर्मचारियों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बताया कि अब 7, 8 और 9 सितंबर को भी कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे।

सरकार पर लगाया दमन का आरोप

नरेश कुमार ने सरकार पर कर्मचारियों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार बौखलाहट में कर्मचारियों पर लाठियां चलवा रही है। कर्मचारियों को नौकरी से बाहर करने के नोटिस दिए जा रहे हैं और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार के इन फैसलों के कारण दो कर्मचारियों की जान चली गई। नरेश कुमार के मुताबिक, करनाल के कुलदीप और रोहित को पक्का किया जाना था। उनका आरोप है कि सरकार के निराशाजनक रवैये और नौकरी से निकालने के नोटिस के चलते दोनों की मौत हुई।

कर्मचारियों को पक्का करने की नीति की मांग

नरेश कुमार ने कहा कि सरकार कर्मचारियों का काफी शोषण कर चुकी है और अब यह नहीं चलेगा। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों को पक्का करने की नीति बनाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि 13 मई को 17 मांगों को लेकर हुए फैसलों को लागू किया जाना चाहिए। नरेश कुमार ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो कर्मचारी अंतिम सांस तक आंदोलन जारी रखेंगे।

10 से 12 सितंबर तक जन पंचायतें

राज्य प्रधान ने बताया कि आंदोलन को व्यापक समर्थन देने के लिए 10, 11 और 12 सितंबर को जन पंचायतें आयोजित की जाएंगी। इनमें आरडब्ल्यूए, व्यापारी संगठनों, मजदूर-कर्मचारी संगठनों, वाल्मीकि समाज के बुद्धिजीवियों और धार्मिक-सामाजिक संगठनों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है।

उन्होंने किसान और मजदूर संगठनों से भी कर्मचारियों के साथ खड़े होने का आह्वान किया।

13 सितंबर को कुरुक्षेत्र में राज्यस्तरीय पंचायत

नरेश कुमार ने बताया कि 13 सितंबर को कुरुक्षेत्र में राज्यस्तरीय जन न्याय पंचायत होगी। उन्होंने इसे सबसे बड़ी पंचायत बताया। उनके मुताबिक, यह सरकार पर निर्णायक दबाव बनाने का काम करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m