कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हरियाणा में एक महीने से ज्यादा समय से चल रही सफाईकर्मियों की हड़ताल के बीच अब बड़ा बदलाव देखने को मिला है। प्रदेश सरकार की लगातार अपील और सफाईकर्मियों की कई मांगों पर सकारात्मक रुख के बाद 387 सफाईकर्मी काम पर वापस लौट आए हैं। सरकार ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए काम पर लौटने वाले कर्मचारियों का स्वागत किया है।

दरअसल, सफाईकर्मी लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। सरकार और सफाईकर्मियों के बीच मांगों को लेकर बातचीत का दौर भी चला। सरकार की ओर से कई मांगों को पहले ही स्वीकार किए जाने और समाधान की दिशा में कदम उठाए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में सफाईकर्मी आंदोलन पर डटे हुए थे।

इसी बीच सरकार की ओर से सफाईकर्मियों से काम पर लौटने की अपील की गई थी। सरकार ने स्पष्ट किया था कि प्रदेश में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से आम लोगों को परेशानी हो रही है, इसलिए सफाईकर्मी जनहित को ध्यान में रखते हुए अपना काम दोबारा शुरू करें। इसके लिए सरकार की ओर से 5 सितंबर तक का अल्टीमेटम (अंतिम समय सीमा) भी दिया गया था।

अब सरकार की अपील का असर दिखाई देने लगा है। प्रदेशभर में 387 सफाईकर्मी काम पर वापस लौट आए हैं। इससे लंबे समय से प्रभावित सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने काम पर लौटने वाले सफाईकर्मियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर कदम पर अपने सफाईकर्मियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेशहित में काम पर लौटने वाले सभी सफाईकर्मियों का स्वागत है।

मंत्री ने हड़ताल पर चल रहे बाकी सफाईकर्मियों से भी जल्द काम पर वापस लौटने की अपील की। सरकार की ओर से उम्मीद जताई जा रही है कि अन्य कर्मचारी भी जनहित को देखते हुए जल्द अपनी ड्यूटी पर लौटेंगे।

गौरतलब है कि सफाईकर्मियों की लंबी हड़ताल के कारण प्रदेश के कई शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई थी। ऐसे में 387 कर्मचारियों की वापसी को सरकार और सफाईकर्मियों के बीच गतिरोध कम होने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि बाकी हड़ताली कर्मचारी सरकार की अपील के बाद कब तक काम पर वापस लौटते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m