कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को चंडीगढ़ में आयोजित हरियाणा सुपर-100 अभिनंदन कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए शिक्षा क्षेत्र के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं।

उन्होंने कहा कि बुनियाद योजना के तहत प्रदेश में संचालित 103 केंद्रों के अलावा 25 नए केंद्र खोले जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिल सके। इसके अलावा कुरुक्षेत्र स्थित सुपर-100 सेंटर को 100 नए कंप्यूटर उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सुपर-100 के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की कमी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि आईआईटी-जेईई जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर इन विद्यार्थियों ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि सुपर-100 योजना की शुरुआत इस उद्देश्य से की गई थी कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से छात्राओं की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाकर उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में ऐसे प्रतिभाशाली युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

534 विद्यार्थियों ने IIT-NEET में पाई सफलता: मनोहर लाल

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उनकी सरकार ने शिक्षा में मेरिट आधारित व्यवस्था को बढ़ावा दिया और बिना खर्ची-बिना पर्ची के सिद्धांत पर पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू की। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार और विकल्प फाउंडेशन के संस्थापक नवीन मिश्रा के सहयोग से शुरू हुई सुपर-100 योजना के तहत अब तक 534 विद्यार्थी IIT और NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफल हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव-गांव में लाइब्रेरी स्थापित कर विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के आयुक्त एवं सचिव विजय दहिया, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल यादव, महानिदेशक जितेंद्र दहिया, महानिदेशक सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग एम. पांडुरंग, अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान, मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय, विकल्प फाउंडेशन के संस्थापक नवीन मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सुपर-100 योजना के छात्रों को बड़ी सौगात देते हुए 25 नए बुनियाद केंद्र खोलने और कुरुक्षेत्र सुपर-100 सेंटर के लिए 100 नए कंप्यूटर देने की घोषणा की। कार्यक्रम में IIT-NEET में सफल 534 विद्यार्थियों की उपलब्धि का भी जिक्र किया गया।