Haryana Top News : हरियाणा में 4 अक्टूबर को राजनीति, धान खरीद, प्रशासनिक बदलाव और गुरुग्राम से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे से लेकर मंडियों में धान खरीद की स्थिति तक, दिनभर की प्रमुख खबरों पर नजर डालिए।
1. सिंगापुर दौरे पर CM नायब सैनी, निवेश पर रहेगा फोकस
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 4 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर के दौरे पर हैं। इस दौरान वे निवेश, उद्योग, तकनीक, लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, फूड प्रोसेसिंग और स्किल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। दौरे के दौरान गुरुग्राम में बड़े कन्वेंशन सेंटर के लिए सिंगापुर के इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल का भी अध्ययन किया जा रहा है।
2. हरियाणा CMO में बड़ा बदलाव, अधिकारियों के बीच बंटा काम
मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रधान सचिव अरुण गुप्ता के रिटायर होने के बाद विभागों की जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया गया है। मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के पास अब 18 विभागों की जिम्मेदारी है। वहीं कुछ विभाग उपप्रधान सचिव यशपाल और अजय कुमार को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री की घोषणाओं की निगरानी का काम भी नए सिरे से तय किया गया है।
3. धान खरीद को लेकर मंडियों में किसानों का विरोध
हरियाणा की कई मंडियों में धान खरीद की रफ्तार को लेकर किसानों की परेशानी सामने आ रही है। गोहाना में ज्यादा नमी के कारण बड़ी मात्रा में धान खरीद से बाहर कर दिया गया। वहीं कुछ किसान संगठनों ने आज मंडियों में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। खरीद सीमा, पोर्टल सत्यापन और नमी जैसे मुद्दों को लेकर किसानों में नाराजगी है।
4. गोहाना में 70 क्विंटल धान खरीदा, 1630 क्विंटल रिजेक्ट
सोनीपत के गोहाना की नई अनाज मंडी में शनिवार को 1700 क्विंटल के आसपास पीआर धान पहुंचा। जांच के बाद 70 क्विंटल धान की सरकारी खरीद हुई, जबकि 1630 क्विंटल धान ज्यादा नमी के कारण खरीद के मानकों पर खरा नहीं उतरा। अधिकारियों के मुताबिक खरीद के लिए धान में निर्धारित नमी सीमा का पालन जरूरी है।
5. किसानों की परेशानी दूर करने मंडी पहुंचे कृषि मंत्री
यमुनानगर के छछरौली में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने धान खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को फसल बेचने में अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। मंडी में खरीद के साथ फसल के समय पर उठान की व्यवस्था पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
6. गांवों में हर महीने होंगी ‘टिफिन बैठकें’
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद गांवों में हर महीने ‘टिफिन बैठकें’ आयोजित करने की बात कही है। इन बैठकों में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के साथ प्राकृतिक खेती, सौर ऊर्जा और कौशल विकास जैसे मुद्दों पर काम करने की योजना है। सरकार का जोर योजनाओं को गांव और विधानसभा स्तर तक पहुंचाने पर है।
7. जिंदा हूं साहब, अफवाहों पर ध्यान न दें… जब खुद के सोशल मीडिया पर आई इन्फ्लुएंसर की मौत की खबर
गुरुग्राम: सोशल मीडिया पर अपनी रील्स और विवादों के लिए चर्चा में रहने वाले गुरुग्राम के मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बॉबी कटारिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई नया विवाद नहीं, बल्कि उनके ही ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से उनकी मौत का किया गया एक फर्जी दावा है। इस झूठी खबर के सामने आते ही इंटरनेट पर सनसनी फैल गई, जिसके बाद खुद बॉबी कटारिया को सामने आकर अपनी सलामती का सबूत देना पड़ा।
8. नशे और गैंगस्टर नेटवर्क पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश
हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने अधिकारियों को नशे के नेटवर्क, जबरन वसूली और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों की पहचान और कार्रवाई पर भी जोर दिया गया है।
9. रील बनाने नदी में उतारी THAR, बीच धार में फंसी; JCB से निकालनी पड़ी
यमुनानगर। एक युवक को नदी में THAR की रील बनाना महंगा पड़ गया, THAR नदी की धार में फंस गई और कड़ी मशक्कत के बाद JCB की मदद से गाड़ी को बाहर निकाला गया, खुद की रील बनाने के चक्कर में युवक ऐसा फसा कि लोगो को ही अपनी रील बनाने का मौका दे दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

