Haryana Top News : हरियाणा में रविवार को खेल, अपराध, प्रशासन और सामाजिक घटनाओं से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आईं। कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से लेकर ऑनलाइन ठगी में मजदूर की मौत, एशियन चैंपियनशिप में दो गोल्ड जीतने वाले युवा खिलाड़ी, सागर हत्याकांड में गिरफ्तारी और पुलिसकर्मियों के निलंबन तक कई खबरें चर्चा में रहीं। पढ़िए हरियाणा की दिनभर की बड़ी खबरें एक नजर में।
1. PM मोदी ने कॉमनवेल्थ मेडलिस्ट से की मुलाकात, हरियाणा के 11 खिलाड़ियों ने जीते 11 पदक
चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इनमें हरियाणा के 11 खिलाड़ी भी शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भारत के लिए कुल 11 पदक जीते। इनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।
2. ऑनलाइन ठगी के जाल में फंसकर मजदूर ने दी जान, पाकिस्तान के +92 नंबर से आए थे कॉल
पानीपत। ऑनलाइन ठगी के जाल में फंसे 29 वर्षीय श्रमिक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुन नगर निवासी मोतीलाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के गांव पिउरानिया का रहने वाला था और पानीपत की अलग-अलग फैक्ट्रियों में मजदूरी करता था।
3. भिवानी के बेटे ने एशियन चैंपियनशिप में जीते 2 गोल्ड
भिवानी। मलेशिया में आयोजित टेक्नो 293 और टेक्नो 293 प्लस एशियन चैंपियनशिप 2026 में भिवानी जिले के गांव कसुंभी के युवा खिलाड़ी विनय शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विनय ने अंडर-13 बॉयज कैटेगरी के साथ-साथ ओवरऑल कैटेगरी में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
4. रंजिश में घर पर धावा, गोलियों से दहला कारौला सागर हत्याकांड में 9 आरोपी गिरफ्तार
डगांव। फर्रूखनगर थाना क्षेत्र के गांव कारौला में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट और गोली चलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की गई है।
5. धान घोटाले में बड़ी कार्रवाई: करनाल मंडी की पूर्व सचिव आशा बर्खास्त
करनाल। पिछले धान सीजन में ई-खरीद पोर्टल से गेटपास जारी करने में लापरवाही बरतना करनाल अनाज मंडी की पूर्व सचिव आशा को भारी पड़ा है। निलंबन के करीब नौ माह बाद हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आशा नीलोखेड़ी के पूर्व विधायक मामूराम गोंदर की बेटी हैं।
6. जिस दिन जन्मदिन था, उसी दिन चली गई जान; ड्यूटी पर CRPF जवान की मौत
करनाल। करनाल के गांव जुंडला निवासी CRPF के सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार की शुक्रवार को दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। 56 वर्षीय कृष्ण कुमार CRPF की 27वीं बटालियन में तैनात थे और दिल्ली में डिप्टी सीएम के आवास पर ड्यूटी दे रहे थे। उनकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। उनका पार्थिव शरीर गांव जुंडला लाया गया है, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
7. सागर हत्याकांड में पुलिस पर गिरी गाज, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड
गुरुग्राम। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय सागर की हत्या के मामले में पुलिस लापरवाही सामने आने के बाद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। फर्रुखनगर थाना एसएचओ महेंद्र सिंह ने हेडकांस्टेबल अशोक और विनोद के निलंबन की पुष्टि की है। सागर की 6 अगस्त को हुक्का भरने के विवाद को लेकर हुए हमले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
8. 500 हॉर्न वाली बाइक देख पुलिस भी रह गई हैरान, हरिद्वार में कांवड़ मेले का VIDEO वायरल
फरीदाबाद। हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान फरीदाबाद के एक युवक की अनोखी बाइक चर्चा में आ गई। युवक ने बाइक में करीब 500 हॉर्न लगवा रखे थे। भारी मॉडिफिकेशन के साथ वह कांवड़ मेले में पहुंचा था। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर बाइक का चालान किया और हॉर्न हटाकर उसे छोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान बनाए गए बाइक के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


