फतेहाबाद। हरियाणा में शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता योजना के नए आवेदन शुरू हो गए हैं। पात्र युवा 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत 12वीं पास युवाओं को हर महीने 1,200 रुपये और स्नातक या इससे अधिक योग्यता रखने वालों को 2,000 रुपये भत्ता दिया जाएगा।

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का हरियाणा का निवासी होना जरूरी है। इसके साथ ही उसकी उम्र 21 से 35 साल के बीच होनी चाहिए। सबसे अहम शर्त यह है कि आवेदक का हरियाणा के किसी रोजगार कार्यालय में लगातार कम से कम तीन साल से पंजीकरण होना चाहिए।

परिवार की सालाना आय 3 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए

योजना के लिए आवेदन करने वाले युवा के परिवार की सालाना आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के दौरान शैक्षणिक योग्यता, परिवार की आय और संपत्ति से जुड़ी निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी।

12वीं पास युवाओं को 1,200 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। मैट्रिक के बाद किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से दो साल का प्रमाणपत्र या डिप्लोमा करने वाले युवा भी इसी श्रेणी में शामिल होंगे। स्नातक या इससे अधिक योग्यता रखने वाले युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे।

आवेदन के साथ ये दस्तावेज देने होंगे

आवेदन के लिए युवाओं को हरियाणा रोजगार विभाग के पोर्टल पर जाना होगा। इसके साथ परिवार पहचान पत्र, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र, निर्धारित प्रारूप में आय एवं संपत्ति का विवरण और स्व-घोषणा पत्र जमा करना होगा।

ग्रामीण क्षेत्र के आवेदकों के दस्तावेजों का पहले राजस्व अधिकारियों से सत्यापन करवाना होगा। इसके बाद इन्हें उपमंडल अधिकारी (नागरिक) से प्रमाणित करवाना जरूरी है।

नौकरी और अप्रेंटिस करने वाले नहीं होंगे पात्र

योजना का लाभ उन युवाओं को नहीं मिलेगा जो किसी शिक्षण संस्थान में नियमित विद्यार्थी हैं। प्रशिक्षु या अप्रेंटिस के तौर पर काम करने वाले युवा भी इसके पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा नौकरी करने वाले और स्वरोजगार से जुड़े युवाओं को भी भत्ता नहीं दिया जाएगा।

जिले में 208 युवा योजना के तहत पंजीकृत

जिला रोजगार अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बेरोजगारी भत्ता योजना के नए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने युवाओं से आवेदन करने से पहले उम्र, शैक्षणिक योग्यता, रोजगार कार्यालय में तीन साल के पंजीकरण और परिवार की आय से जुड़ी शर्तें जांचने को कहा है।

उन्होंने जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करने की सलाह भी दी, ताकि आवेदन में परेशानी न आए। जिले में फिलहाल 208 युवा इस योजना के तहत पंजीकृत हैं। इनमें 142 युवा 12वीं पास और 66 स्नातक श्रेणी के हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m