उत्तराखंड के तुंगनाथ धाम में हरियाणा के एक युवक और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। युवक ने इसे आत्मरक्षा में किया गया बचाव बताया है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। पहाड़ों में एक बार फिर हरियाणा बनाम उत्तराखंड का विवाद भड़क गया। धार्मिक यात्रा पर गया एक 19 वर्षीय युवक अचानक सैकड़ों लोगों के बीच घिर गया। जमीन पर बैठा युवक, हाथ में स्टील का कड़ा, आसपास गुस्साई भीड़… और कैमरे में कैद होती पूरी घटना। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई… क्या अब पहाड़ों में हरियाणवी पर्यटकों का विरोध शुरू हो गया है?

मामला उत्तराखंड के तृतीय केदार तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग का है, जहां यमुनानगर निवासी राघव पर एक खच्चर चालक का सिर फोड़ने का आरोप लगा। वायरल वीडियो में स्थानीय लोग युवक से नाम-पता पूछते नजर आते हैं, जबकि कुछ लोग कहते सुनाई देते हैं—“ऐसे लोगों का पहाड़ों में आना बंद होना चाहिए।” घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

हालांकि अब युवक राघव ने पूरे मामले में नया दावा कर सबको चौंका दिया है। राघव का कहना है कि वह खुद मारपीट करने नहीं, बल्कि दो लोगों के विवाद में बीच-बचाव करने गया था। उसके मुताबिक, ऑनलाइन पेमेंट को लेकर एक पर्यटक और खच्चर चालक में बहस हो रही थी। जब खच्चर चालक को पता चला कि वह हरियाणा से है तो उसने कथित तौर पर कहा—“हरियाणा से है तो क्या कर लेगा” और लाठी से हमला कर दिया। राघव का दावा है कि उसने आत्मरक्षा में हाथ में पहना स्टील का कड़ा चलाया।

राघव ने यह भी कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। लेकिन दूसरी तरफ स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक ने बीच-बचाव के बजाय खच्चर चालक के साथ मारपीट की। स्थानीय निवासी धार्मिक स्थल की गरिमा खराब होने की बात कह रहे हैं और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले ऋषिकेश में कैथल के दो पर्यटकों को निर्वस्त्र कर पीटने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद ‘बॉयकॉट उत्तराखंड’ कैंपेन तक शुरू हो गया था।