अंबाला में शुक्रवार देर रात एक थाना प्रभारी पर उस समय हमला कर दिया गया, जब वे सड़क पर एक युवक के साथ हो रही मारपीट को रोकने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे। हमले में थाना प्रभारी सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी गर्दन पर पांच टांके लगाए गए हैं, जबकि कलाई और अंगूठे में भी चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, नग्गल थाना प्रभारी सुरेश कुमार रात करीब 11 बजे अपनी निजी कार से थाने से कमरे की ओर जा रहे थे। गांव मेटहेड़ी में मिस्टर सिंह रेस्टोरेंट के पास उन्होंने कुछ युवकों को एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते देखा। उन्होंने कार रोककर मामले में हस्तक्षेप किया और युवक को बचाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि बीच-बचाव से नाराज चार-पांच युवकों ने उस व्यक्ति को छोड़कर थाना प्रभारी को ही घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने चाकू और अन्य हथियारों से सुरेश कुमार पर हमला कर दिया। सिर पर भी वार किया गया, जिससे वे घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल थाना प्रभारी को तत्काल अंबाला शहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी हेडक्वार्टर विजय कुमार, पूर्व मंत्री असीम गोयल और भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप सिंह राणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल थाना प्रभारी का हाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली।
डीएसपी विजय कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने थाना प्रभारी की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने दूसरे व्यक्ति को बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। उन्होंने भरोसा जताया कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

