हिसार। हरियाणा में वीरवार रात हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला है। बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने अब आने वाले दिनों में फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 16 मई से प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इसके साथ ही कई जिलों में लू चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 21 मई तक गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण वीरवार को कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। वहीं शुक्रवार को दिनभर धूल भरी हवाएं चलती रहीं, लेकिन मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ।
तेज धूप के कारण दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम साफ रहने से आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय धूप और लू से बचने की सलाह दी है। साथ ही जरूरी काम सुबह या शाम के समय करने की अपील की गई है।

