Haryana Police Constable Fraud Case : नारनौल। हरियाणा पुलिस की एक महिला कॉन्स्टेबल से खुद को क्रिकेटर बताकर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी विक्रांत तोमर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सिलेक्शन कराने का झांसा देकर इस बड़ी ठगी को अंजाम दिया। पुलिस को यह भी शक है कि आरोपी दिल्ली पुलिस के एक ही बैच की करीब 20 महिला कॉन्स्टेबलों के संपर्क में था और उन्हें भी अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था।

शादी और निवेश का देता था झांसा

जानकारी के अनुसार, आरोपी विक्रांत तोमर (26 वर्ष) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत का रहने वाला है। वह सोशल मीडिया के जरिए महिला पुलिसकर्मियों से संपर्क बढ़ाता था। खुद को बड़ा क्रिकेटर और कारोबारी बताकर वह उन्हें शादी का भरोसा देता था और फिर निवेश के नाम पर लालच देकर पैसे ऐंठ लेता था।

महिलाओं को प्रभावित करने के लिए वह कुछ घंटों के लिए महंगी गाड़ियां किराए पर लेता था। इन्हीं लग्जरी गाड़ियों के साथ वह सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें और वीडियो डालता था और महिलाओं को घूमाता था।

सहवाग क्रिकेट एकेडमी में हुई थी मुलाकात

पीड़ित नारनौल की महिला कॉन्स्टेबल ने बताया कि यह धोखाधड़ी साल 2022 में हुई थी। विक्रांत ने खुद को रणजी खिलाड़ी बताकर सहवाग क्रिकेट एकेडमी में उनसे मुलाकात की थी। दिल्ली पुलिस की कॉन्स्टेबल से भी उसने पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे से भर्ती होने की जानकारी मांगने के बहाने बातचीत शुरू की थी।

इंस्टाग्राम पर अपनी झूठी लाइफस्टाइल दिखाकर उसने पीड़िता को झांसे में लिया और फिर पैसे मिलने के बाद टालमटोल करने लगा। पीड़िता ने इस मामले में गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पीड़िता को अपने पैसे वापस मिलने की उम्मीद जगी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m