Haryana Women Vehicle Tax Discount : चंडीगढ़। हरियाणा में अब महिलाओं के नाम पर नई कार या बाइक खरीदने पर जेब का बोझ कुछ कम होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने महिलाओं को वाहन खरीदने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मोटर वाहन टैक्स में एक प्रतिशत की छूट देने का फैसला लागू कर दिया है। परिवहन विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
इस फैसले के बाद हरियाणा में महिलाओं के नाम पर खरीदे जाने वाले नए निजी वाहनों के पंजीकरण के दौरान टैक्स में राहत मिलेगी। छूट का लाभ उन्हीं वाहनों पर मिलेगा, जिनकी एक्स-शोरूम कीमत 20 लाख रुपये तक है और जिनका पंजीकरण हरियाणा में कराया जाएगा।
कार की कीमत के हिसाब से मिलेगी बचत
सरकार की ओर से दी गई छूट वाहन की एक्स-शोरूम कीमत के एक प्रतिशत के बराबर होगी। उदाहरण के तौर पर, अगर कोई महिला 10 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत वाली कार खरीदती है तो उसे मोटर वाहन टैक्स में 10 हजार रुपये की राहत मिलेगी। वहीं, 20 लाख रुपये की कार पर यह बचत 20 हजार रुपये तक होगी।
यह छूट वाहन के पंजीकरण के समय लगने वाले मोटर वाहन टैक्स में दी जाएगी। इसका हिसाब ऑन-रोड कीमत के आधार पर नहीं होगा। बीमा, पंजीकरण से जुड़े अन्य खर्च और दूसरी फीस इस छूट में शामिल नहीं हैं।
किन वाहनों पर लागू होगा नियम?
यह रियायत केवल नए गैर-परिवहन वाहनों के लिए है। यानी निजी इस्तेमाल के लिए खरीदी जाने वाली कार और दोपहिया वाहन इसके दायरे में आएंगे। वाहन महिला के नाम पर खरीदा जाना चाहिए और उसका पंजीकरण हरियाणा में होना जरूरी है।
20 लाख रुपये से अधिक एक्स-शोरूम कीमत वाले वाहनों को इस विशेष छूट का लाभ नहीं मिलेगा। इसी तरह व्यावसायिक इस्तेमाल वाले वाहनों पर भी यह रियायत लागू नहीं होगी।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद जारी हुई अधिसूचना
महिलाओं को वाहन खरीद में राहत देने के इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 28 जुलाई को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी गई थी। अब परिवहन विभाग ने हरियाणा मोटर वाहन कराधान अधिनियम, 2016 के तहत पहले से जारी अधिसूचना में संशोधन कर इस छूट को लागू कर दिया है।
सरकार के इस फैसले से उन महिलाओं को सीधा फायदा होगा, जो अपने नाम पर नया निजी वाहन खरीदने और हरियाणा में उसका पंजीकरण कराने की योजना बना रही हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

