यमुनानगर के रादौर मुख्य बाजार में बाइक सवार तीन बदमाशों ने श्री शाकुंभरी ज्वेलर्स के संचालक पर हमला कर लाखों रुपये लूट लिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से जांच कर रही है।

यमुनानगर। हरियाणा में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला रादौर का है, जहां देर शाम मुख्य बाजार में हथियारबंद बदमाशों ने महज 30 सेकेंड के भीतर एक ज्वेलर को गन प्वाइंट पर लेकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दे दिया। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मुख्य बाजार स्थित श्री शाकुंभरी ज्वेलर्स के संचालक अमित गुप्ता दुकान बंद कर रहे थे, जबकि उनका कर्मचारी शटर गिरा रहा था। तभी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश मौके पर पहुंचे और अमित गुप्ता को पिस्टल के बल पर काबू कर लिया। विरोध करने पर एक बदमाश ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमले के बाद बदमाश दुकान की चाबियां और करीब 3 से 4 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घायल अमित गुप्ता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनके सिर पर टांके लगाए गए। उन्होंने बताया कि पूरी वारदात कुछ ही सेकेंड में हुई और बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।

लगातार सामने आ रही लूट, डकैती और फायरिंग जैसी घटनाओं के बीच रादौर की यह वारदात एक बार फिर हरियाणा की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।