कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। फतेहाबाद जिले के गांव कुम्हारिया के एक और युवक विजय पूनिया की रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान मौत हो गई है। इससे पहले इसी गांव के अंकित जांगड़ा की 4 अप्रैल 2025 को जान जा चुकी थी। लगातार दो युवकों की मौत से गांव और पूरे जिले में गहरा शोक है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बेहतर भविष्य की तलाश में रूस गए थे, लेकिन उन्हें नौकरी का झांसा देकर युद्ध क्षेत्र में भेजे जाने का आरोप है। इस घटना ने विदेशों में रोजगार के नाम पर युवाओं के साथ हो रहे फर्जीवाड़े और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने भी इस मामले पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को पहले भी उठाया गया था, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते एक और परिवार ने अपना बेटा खो दिया।स्थानीय लोगों और परिजनों ने सरकार से उच्च स्तरीय जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और विदेश जाने वाले युवाओं के लिए सुरक्षित व पारदर्शी व्यवस्था की मांग की है।