अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा के भिवानी में प्रसिद्ध हरियाणवी सिंगर, एक्टर और मॉडल दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी उनकी रेंज रोवर गाड़ी पर बाइक सवार बदमाश ने देर रात फायरिंग कर दी। घटना रात करीब साढ़े 10 बजे की है, जब कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे सिंगर बाल-बाल बच गए। वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर बाइक से आकर कार के शीशे पर गोली मारकर भागता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शुक्रवार सुबह भी पुलिस टीम सिंगर के घर जांच के लिए पहुंची।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी धमकी
फायरिंग के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट डालकर इस हमले की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में लिखा गया कि इस फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु सोनीपत, टाइसन बिश्नोई, हैरी बॉक्सर और हरमन संधू लेते हैं। पोस्ट में दावा किया गया कि उनके बड़े भाई अनिल पंडित ने दिलेर खरकिया को कॉल करके समझाया था, लेकिन वे नहीं समझे। आगे चेतावनी दी गई कि अभी सिर्फ गाड़ी के शीशे टूटे हैं और बात न मानने पर अगली बार गोली सीधे छाती में मारी जाएगी। साथ ही अन्य लोगों को भी कॉल का जवाब देने या परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
9 साल की उम्र से शुरू किया था गायकी का सफर
दिलेर खरकिया मशहूर रागनी कलाकार राजेंद्र खरकिया के बेटे हैं। अपने पिता से प्रेरित होकर उन्होंने महज 9 साल की उम्र में रागनी कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। इसके बाद साल 2018 में उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। दिलेर खरकिया ‘लीलो चमन’, ‘मोटो’, ‘जूती काली’, ‘हाईकोर्ट’, ‘कबूतरी’ और ‘आलू मटर’ जैसे कई मशहूर हिट गानों के लिए जाने जाते हैं।
अमेरिका से नेटवर्क चला रहा है आरोपी अनिल पंडित
पुलिस के अनुसार, जिम्मेदारी लेने वाला अनिल पंडित मूल रूप से पानीपत के रायर कलां गांव का रहने वाला है। वह साल 2022 में नौकरी के लिए दुबई गया था और वहां से डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंचा। अमेरिका में उसकी मुलाकात गैंगस्टर रणदीप मलिक से हुई, जहां दोनों ने पहले ट्रांसपोर्ट का काम किया और बाद में संगठित अपराध का नेटवर्क खड़ा कर लिया। अनिल पंडित पर मर्डर, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जून में भी एक जिम पर की थी फायरिंग
अनिल पंडित का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है। इससे पहले जून 2026 में पश्चिमी दिल्ली के 24HS फिटनेस जिम पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी अनिल पंडित के नाम से ली गई थी, जो पंजाबी एक्टर-सिंगर गुरु रंधावा से जुड़ा था। उस हमले का कारण रंधावा की एक्टर सलमान खान से नजदीकी बताया गया था। इसके अलावा, सितंबर 2026 में हरियाणा एसटीएफ ने अनिल पंडित, हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा और रणदीप मलिक समेत चार भगोड़े गैंगस्टरों पर 10-10 लाख रुपये का इनाम घोषित करने का प्रस्ताव भेजा था। करीब एक हफ्ते पहले पानीपत में एक शराब कारोबारी से भी उसके नाम पर रंगदारी मांगी गई थी।
भिवानी एसपी बोले- आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
भिवानी के पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने बताया कि घटना रात करीब 10:30 बजे की है। बाइक पर आए एक युवक ने घर के बाहर खड़ी गाड़ी पर एक फायर किया। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



