दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्ग-45 (NH-45) पर स्थित सुआतला थाना क्षेत्र के हाथीनाला वाटरफॉल के पास हुई दर्दनाक घटना में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिसे शुरुआती दौर में एक आम सड़क हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल सोची-समझी हत्या की साजिश निकली। आरोपियों ने हत्या की इस वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए दो हाईवा ट्रकों का इस्तेमाल किया था।
वारदात और शुरुआती मामला
19 जुलाई की रात इंद्रानगर के पास हाथीनाला वाटरफॉल घूमने आए युवकों को निशाना बनाया गया। घटना के दौरान राजेन्द्र पटेल नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना में एक अन्य घायल युवक का इलाज अभी भी जारी है।
‘A’ अक्षर के मोनोग्राम से सुलझी गुत्थी
मामले की गंभीरता को देखते हुए नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ऋषिकेश मीना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) संदीप भूरिया ने खुद जांच की कमान संभाली। जांच टीम को घटनास्थल से वाहन का एक टूटा हुआ अंग्रेजी अक्षर ‘A’ का मोनोग्राम मिला, जो इस पूरे अंधे कत्ल की सबसे अहम कड़ी बना। पुलिस ने इस सुराग के साथ आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया, जिससे आरोपियों की पहचान संभव हो सकी।
मुख्य आरोपी जनपद सदस्य, 8 गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी आनंद राजपूत (जो कि वर्तमान में जनपद सदस्य है) सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए 2 हाईवा ट्रक, 1 फॉर्च्यूनर, 1 थार गाड़ी को जब्त कर लिया है और सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का आपराधिक मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


