हाथरस. उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. अलीगढ़-एटा हाईवे पर उमरावपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में ढाई साल का मासूम बच्चा भी शामिल है.
इसे भी पढ़ें- 2000 बच्चों को बांटे फंगस वाले लड्डू बांटे, फिर ‘मत खाना’ का भेजा मैसेज! स्कूल की लापरवाही, कटघरे में प्रशासन
अनियंत्रित कार पलटने से हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब नोएडा की ओर से आ रही एक कार अलीगढ़-एटा हाईवे से गुजर रही थी. उमरावपुर गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर और पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी.
तीन लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, चार घायल
पुलिस के अनुसार, हादसे में कार सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र निवासी राजीव पाल (30), उनकी पत्नी गोल्डी (28), उनका ढाई वर्षीय पुत्र नक्श और माया (40) शामिल हैं. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में हादसे की वजह कार के अनियंत्रित होने को बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस अन्य कारणों की भी जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें- UP Weather Update : प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
हाईवे पर बढ़ते हादसों से चिंता
अलीगढ़-एटा हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आए दिन हाईवे पर वाहन अनियंत्रित होने से गंभीर हादसे सामने आते रहते हैं. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि तेज गति से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके.


