हाथरस. यूपी के हाथरस में ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग के दौरान हंगामे का मामला सामने आया है. हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के इगलास रोड बाईपास पर एक टेंपो चालक ने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों पर रिश्वत मांगने और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया. घटना का वीडियो चालक ने अपने मोबाइल से बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि, ट्रैफिक पुलिस ने रिश्वत मांगने के आरोपों को गलत बताया है और मामले की जांच कराने की बात कही है.
चेकिंग के दौरान टेंपो को रोका
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम इगलास रोड बाईपास पर ट्रैफिक पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस कर्मियों ने एक टेंपो को रोका और चालक को शहर की ओर जाने से रोक दिया. इसी बात को लेकर चालक और पुलिस कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
बीच सड़क टेंपो खड़ा कर बनाया वीडियो
कहासुनी के बाद चालक ने अपना टेंपो बीच सड़क पर खड़ा कर दिया. इससे रास्ते पर जाम की स्थिति बनने लगी. ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने उसे वाहन किनारे करने को कहा. इसी दौरान चालक ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया और पुलिस कर्मियों पर आरोप लगाए.
चालक ने रिश्वत मांगने का लगाया आरोप
वीडियो में चालक का आरोप है कि चेकिंग के दौरान ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य वाहन चालकों से कथित तौर पर पैसे मांगे जाते हैं. उसका दावा है कि पैसे नहीं देने पर चालान की धमकी दी जाती है और विरोध करने पर मारपीट की जाती है. बता दें कि इससे पहले भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें पुलिसकर्मी को कहते सुनना जा सकता है कि ‘8 हजार का चालान होगा… 500 रुपये दे दो, सब क्लियर है.’
ट्रैफिक पुलिस ने आरोपों को बताया गलत
ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज अनूप सिंह के मुताबिक, टेंपो चालक ने रास्ते में वाहन खड़ा कर दिया था. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने टेंपो की फोटो लेकर चालान किया, जिसके बाद चालक नाराज हो गया. उन्होंने रिश्वत मांगने के आरोपों को गलत बताया. हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों को लेकर जांच कराने की बात कही गई है.



