हजारीबाग। कटकमसांडी प्रखंड में गुरुवार देर शाम वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। वेस पंचायत के हुरुदाग और अडरा पंचायत के उदयपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 15 वर्षीय छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों गांवों में मातम का माहौल है।

मवेशी चराने गई छात्रा की वज्रपात से मौत
उदयपुर गांव निवासी 15 वर्षीय अनिशा कुमारी कटकमदाग कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। रक्षाबंधन के कारण वह तीन दिन पहले छुट्टी लेकर घर आई थी। गुरुवार को मवेशी चराने जंगल गई थी। इसी दौरान तेज बारिश शुरू होने पर वह पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। अचानक गिरी बिजली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घर पर गिरी बिजली, महिला ने तोड़ा दम
वहीं, हुरुदाग गांव में 38 वर्षीय अनिता देवी के घर पर वज्रपात हुआ। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। अनिता देवी तीन बच्चों की मां थीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।