पश्चिम बंगाल के लोक भवन में ‘पोइला बैसाख’ के मौके पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था. अपने संबोधन में राज्यपाल रविंद्र नारायण रवि ने त्योहार को महज उत्सव नहीं, बल्कि चिंतन और ‘परिवर्तन’ के संकल्प का अवसर बताया – और पश्चिम बंगाल के युवाओं से ‘परिवर्तन’ की अपील कर डाली. राज्यपाल के बयान पर ममता बनर्जी ने उत्तरी दिनाजपुर के इस्लामपुर में एक चुनावी रैली में कड़ी प्रतिक्रिया दी. मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को आलीशान महल में रहने वाला ‘लाटसाहब’ बताया – और उनको गाली देने जैसा गंभीर इल्जाम भी लगाया.

पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल में राज्यपाल आरएन रवि ने युवाओं से एक खास अपील की है. यह परिवर्तन की अपील है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनावी रैलियों के लिए एक नया मुद्दा मिल गया है.

पश्चिम बंगाल के युवाओं से खास अपील करते हुए राज्यपाल आरएन रवि ने कहा, पोइला बैसाख संकल्प लेने का दिन है… मैं बंगाल के अपने युवा दोस्तों से आग्रह करता हूं… सकारात्मक रहने का संकल्प लें, बदलाव का हिस्सा बनने का संकल्प लें… निराशा कोई विकल्प नहीं है, हमें बंगाल की खोई हुई शान वापस लानी होगी.

बस फिर क्या था, भला ऐसी अपील मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बर्दाश्त भी कैसे हो पाती. मौजूदा राज्यपाल से पहले वाले सीवी आनंद बोस और उनसे पहले जगदीप धनखड़ से भी ममता बनर्जी की ठनी रहती थी, आरएन रवि ने भी परिवर्तन की बात बोलकर तृणमूल कांग्रेस नेता को हमले का मौका दे दिया. 

उत्तरी दिनाजपुर के इस्लामपुर में तृणमूल कांग्रेस की रैली में ममता बनर्जी राज्यपाल आरएन रवि पर खूब बरसीं. बोलीं, ‘उन्होंने मेरे को गाली दिया.’ ममता बनर्जी ने कहा, मैं उनका नाम नहीं लेना चाहती. बंगाल के ‘लाटसाहब’, आलीशान महल में रहते हैं… उन्होंने एक बयान जारी करके मेरा अपमान किया है… इस नए साल पर, वे पूरे बंगाल के लिए शुभकामनाएं दे सकते थे, लेकिन उसके बजाय, उन्होंने मेरी बुराई की. 

राज्यपाल आरएन रवि के पश्चिम बंगाल में कार्यभार संभालने के दिन ममता बनर्जी भी वहां मौजूद थीं. उस दिन ममता बनर्जी ने कहा था, ‘जो लोग बंगाल को प्यार करते हैं, बंगाल भी उन्हें प्यार करता है.’

राज्यपाल आरएन रवि भी चुनावी माहौल में परिवर्तन का नारा देकर नई मुसीबत मोल ली है. पश्चिम बंगाल में परिवर्तन का नारा बेहद असरदार माना जाता है. 2011 में ममता बनर्जी ने बंगाल में परिवर्तन का नारा दिया था, और वाम मोर्चा को सत्ता से बेदखल कर मुख्यमंत्री बन गईं.

बीजेपी तो पश्चिम बंगाल में 15 दिन की परिवर्तन यात्रा भी निकाल चुकी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी शामिल हो चुके हैं. अभिषेक बनर्जी ने कार्यकर्ताओं से कहा था कि जब उनके आस पास से परिवर्तन यात्रा के साथ बीजेपी नेता गुजर रहे हों, तो वे उनका स्वागत अंडा और मछली से करें. 

कुछ दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में ममता बनर्जी सरकार के 15 साल के कामकाज पर चार्जशीट मीडिया के सामने रखी. अमित शाह ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा था, सोनार बांग्ला के लिए 15 साल पहले जनता ने परिवर्तन किया था, लेकिन आज जनता कह रही है हमसे धोखा किया गया.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m