रायपुर। त्यौहारों में खरीदी के लिए अगर बाजार जा रहे तो सावधान रहें, क्याेंकि चोरों का गैंग भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे। रक्षाबंधन पर्व पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रायपुर पुलिस ने चोरी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस दौरान मालवीय रोड पर पैदल पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम ने दो संदिग्ध महिलाओं को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने महिलाओं और छोटे बच्चों को निशाना बनाकर गले से सोने के लॉकेट, चेन और अन्य आभूषण चोरी करने की 7 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, एक्टिवा और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बच्चे के गले से लॉकेट चोरी की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस

रविवार को रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए मालवीय रोड क्षेत्र में भारी भीड़ थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक छोटे बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी हो गया है। सूचना मिलते ही एसीसीयू और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं महिलाओं और बच्चों के आसपास घूमती दिखाई दी। दोनों मौका मिलते ही उनके गले के आसपास हाथ लगाती नजर आईं। सीसीटीवी से मिले हुलिए के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।

पूछताछ में सामने आई 7 चोरी की वारदातें

पकड़ी गई महिलाओं की पहचान नंदनी राजपूत और सानिया मरकाम, निवासी गुढियारी रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की वारदातों को स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं महिलाओं और छोटे बच्चों को निशाना बनाती थीं। वे भीड़भाड़ वाले बाजारों और मेला स्थलों में मौका देखकर गले से सोने के लॉकेट, चेन और अन्य आभूषण चोरी करती थी। पूछताछ में आरोपियों ने गोलबाजार, महादेव घाट, इतवारी बाजार सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और मेला स्थलों में चोरी की कुल 7 घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

10 लाख के जेवर, नगदी और वाहन बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 9,700 रुपये नगद, वारदात में इस्तेमाल एक एक्टिवा और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस दोनों आरोपियों से चोरी की अन्य घटनाओं को लेकर भी पूछताछ कर रही है। जांच में और वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

पति हिस्ट्रीशीटर, जेल में काट रहा सजा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नंदनी राजपूत का पति मोहन राजपूत नोपाली, थाना गुढियारी का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के मुताबिक वह वर्तमान में नारकोटिक एक्ट के मामले में दोषसिद्ध होकर केंद्रीय जेल रायपुर में सजा काट रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

नंदनी राजपूत, पति मोहन राजपूत नोपाली, उम्र 32 वर्ष, निवासी रामनगर कर्मा चौक, थाना गुढियारी, रायपुर।
सानिया मरकाम, पिता कोमल मरकाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी रामनगर, पुराना पुलिस चौकी के पास, थाना गुढियारी, रायपुर।

त्योहारी भीड़ पर पुलिस की पैनी नजर

रक्षाबंधन के दौरान मालवीय रोड, गोलबाजार समेत शहर के प्रमुख बाजारों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए रायपुर पुलिस ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग, सीसीटीवी निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की व्यवस्था बढ़ाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मालवीय रोड पर हुई कार्रवाई इसी सतर्कता का परिणाम है। रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों में पैदल पेट्रोलिंग और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m