अजयारविंद नामदेव, शहडोल। दवाइयों का कारोबार सीधे लोगों की जिंदगी और स्वास्थ्य से जुड़ा होता है, इसलिए इसमें नियमों का पालन बेहद जरूरी है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शहडोल में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियम 1945 के उल्लंघन के मामले में 8 मेडिकल स्टोर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
READ MORE: सागर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 7 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार, इस काम के एवज में मांगी थी घूस
जिले में दवा दुकानों के संचालन में नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियम, 1945 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले 8 मेडिकल स्टोर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।औषधि अनुज्ञापन अधिकारी ने बताया कि नोटिस प्राप्त करने वाले मेडिकल स्टोरों में दिशा मेडिकल स्टोर (ब्यौहारी), लाइफ लाइन मेडिकल स्टोर (जिला चिकित्सालय कॉम्प्लेक्स, शहडोल), न्यू गुप्ता मेडिकल स्टोर (शहडोल), ओम मेडिकल स्टोर (अमलई), राज मेडिकल स्टोर (जयसिंहनगर), श्रीजी मेडिकल स्टोर (शहडोल), तिवारी फार्मा (शहडोल) और वैभव मेडिकल स्टोर (जयसिंहनगर) शामिल हैं।
READ MORE: जानलेवा हमला और लूट का मामला: आरोपी BJP नेता 10 माह बाद पहुंचा जेल, कोर्ट ने नहीं दी जमानत
जारी नोटिस में सभी संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिनों के भीतर अपना लिखित जवाब प्रस्तुत करें। यदि संबंधित संचालक व्यक्तिगत रूप से सुनवाई का अवसर चाहते हैं, तो उन्हें अपने उत्तर में इसका स्पष्ट उल्लेख करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई जवाब प्राप्त नहीं होता है, तो यह माना जाएगा कि संबंधित पक्ष को इस मामले में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियम, 1945 के नियम 66(1) के तहत एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि जिले में दवा दुकानों की नियमित निगरानी जारी रहेगी और आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


