संजय विश्वकर्मा, उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के मानपुर में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल और तहसीलदार के बीच तीखी नोकझोक हो गई। मामला इतना बढ़ा कि कमलेश्वर पटेल ने तहसीलदार को आखें न दिखाने की नसीहत दे डाली। इस पर अधिकारी ने भी उन्हें पलटकर जवाब देते हुए तमीज से रहने की सलाह दी। 

दरअसल किसान न्याय यात्रा के दौरान एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कार्यक्रम स्थल पर नही पहुचीं और ज्ञापन नही लिया। जिसके बाद सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। इन सभी की मांग थी कि कलेक्टर उमरिया जब मौके पर पहुंचेगी तभी यह धरना समाप्त होगा। 

मान मनौव्वल करने पहुंचे तहसीलदार पंकज तिवारी के साथ कमलेश्वर पटेल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय कोल की नोकझोंक हो गई। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

तहसीलदार जब पूर्व मंत्री की ओर देख रहे थे तो कमलेश्वर पटेल ने कहा- आंख मत दिखाइए। इस पर तहसीलदार ने भी जवाब दिया- आप भी तमीज से बात कीजिए। इसके बाद पूर्व मंत्री के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और तहसीलदार से बहस करने लगे। इस दौरान तहसीलदार ने कहा- आप तो मुझे धमका रहे हैं। इस पर कार्यकर्ताओं ने अधिकारी पर ही धमकाने का आरोप लगा दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m