संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते कई जिलों में हालात बेहद खराब बने हुए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में मई महीने के आखिर तक तापमान 46 डिग्री के पार जा सकता है।

4 जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के कई जिलों में भी भीषण गर्मी को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। भोपाल , उज्जैन, इंदौर , जबलपुर , ग्वालियर समेत कई शहरों में तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है, जिसके बाद गर्मी का असर और तेज हो सकता है। मौसम विभाग लोगों से लगातार  लोगों को दोपहर में धूप से बचने, ज्यादा पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की अपील कर रहा है।

इन जिलों में चलेगी लू

मध्यप्रदेश के ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भीषण गर्मी और तेज लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग की तरफ से जारी किया गया है।

इसके साथ ही  भोपाल, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, सीहोर, शाजापुर, रायसेन, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर समेत कई जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रह सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m