शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घरों से बाहर न निकलने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।

राजगढ़ में पारा पहुंचा 45 डिग्री सेल्सियस  

प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं रतलाम में 44.8 डिग्री, खंडवा में 44.5 डिग्री, नौगांव और खजुराहो में 44.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा गुना में 43.7 डिग्री, रायसेन और नरसिंहपुर में 43.6 डिग्री, दतिया, शाजापुर और दमोह में 43.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। खरगोन और टीकमगढ़ में 43.2 डिग्री जबकि धार में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

16 शहरों में पारा 43 डिग्री पार

प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 42.7 डिग्री, इंदौर में 42.8 डिग्री, ग्वालियर में 42.6 डिग्री और जबलपुर में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मई महीने में 14 दिनों तक मौसम बदलने के बाद अब एक बार फिर प्रदेश में हीटवेव का असर तेज हो गया है। आने वाले दिनों में गर्म हवाएं और ज्यादा परेशान कर सकती हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m