Odisha Weather News : भुवनेश्वर. अक्टूबर का महीना शुरू होते ही एक बार फिर चक्रवाती तूफान का डर सताने लगा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में मौसम का मिज़ाज तेज़ी से बदलने लगा है और मानसून के बाद चक्रवात सीजन की शुरुआत हो चुकी है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 अक्टूबर को उत्तरी अंडमान सागर में एक नया चक्रवाती परिसंचरण प्रवेश करेगा. इसके प्रभाव से 13 अक्टूबर तक अंडमान सागर में एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है. यह प्रणाली धीरे-धीरे और मजबूत होगी और 15 अक्टूबर तक दक्षिण और आसपास के मध्य बंगाल की खाड़ी में अवदाव में तब्दील हो सकती है.
अक्टूबर के पहले सप्ताह के अंत या दूसरे सप्ताह की शुरुआत तक ओडिशा समेत देश के लगभग आधे राज्यों से दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह से विदा हो चुका होगा. मानसून के लौटने के बाद बंगाल की खाड़ी में समुद्री सतह का तापमान और अनुकूल परिस्थितियां चक्रवात के बनने के लिए बेहद मददगार साबित होती हैं.
आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों की ओर इस प्रणाली के बढ़ने की आशंका से स्थानीय निवासियों और मछुआरों की चिंताएं बढ़ गई हैं. मौसम विभाग प्रणाली के ट्रैक और तीव्रता पर लगातार नज़र बनाए हुए है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 5 अक्टूबर के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी कि यह प्रणाली निम्न दबाव से आगे बढ़कर कितना विकराल रूप ले सकती है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

