इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पहली बार खंडवा पहुँचे। निमाड़ के जिलों के अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी के कोर ग्रुप के साथ आगामी संगठनात्मक रणनीतियों और चुनौतियों पर गहन मंथन किया। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की राजनीति पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- हार छिपाने के लिए ढूंढते हैं बहाने
राहुल गांधी पर कड़ा कटाक्ष करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि लगातार हार का सामना कर रहे दल के नेता अपनी नेतृत्व की क्षमता और कमी को छिपाने के लिए केवल बहाने तलाशते रहते हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हो रहे आंदोलन के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति और दल को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन विरोध जताने का भी एक तय सलीका होना चाहिए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार ऐसी किसी भी स्थिति को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी, जिससे परोक्ष रूप से विदेशों को लाभ पहुंचे या देश के भीतर विरोधी ताकतें मजबूत हों।
SIR प्रक्रिया का किया जोरदार बचाव
मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया का बचाव करते हुए बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया कोई नई नहीं है, बल्कि यह राहुल गांधी की दादी के समय में भी होती थी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग जगहों पर दर्ज है, या किसी मृत व्यक्ति व विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल है, तो ऐसे नामों को हटाने की प्रक्रिया का विपक्ष को भी खुले दिल से स्वागत करना चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

