लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस पर एक महिला के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। हेरहंज थाना क्षेत्र के मेलम गांव की रहने वाली महिला मुनिया देवी का आरोप है कि बकरी चराने के दौरान सादे कपड़ों में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे अफीम तस्कर बताते हुए पीटा। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लेते हुए लातेहार एसपी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

बकरी चराते समय पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप

मुनिया देवी के मुताबिक, घटना 6 अक्टूबर की है। वह गांव में बकरी चरा रही थी, तभी बरियातू थाना के कुछ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में वहां पहुंचे। महिला का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे अफीम तस्करी में शामिल बताते हुए मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर वहां मौजूद अन्य ग्रामीणों को भी पकड़कर थाने ले जाया गया, जहां उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।महिला का दावा है कि बाद में कोई आरोप साबित नहीं होने पर उसे थाने से छोड़ दिया गया।

एसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीण, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण लातेहार एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले की जानकारी देते हुए कथित रूप से मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के आवेदन पर एसपी ने मामले की त्वरित जांच कराने का आश्वासन दिया।

सोशल मीडिया पर मामला वायरल, CM हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश

महिला से कथित मारपीट का मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसका संज्ञान लिया। उन्होंने एक्स के माध्यम से लातेहार पुलिस को टैग करते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जांच के लिए टीम गठित

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लातेहार पुलिस ने मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बालूमाथ और एक महिला पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में जांच दल गठित किया है। पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।