गोला (रामगढ़)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन के बाद झारखंड के नेमरा गांव में शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। देशभर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और जनप्रतिनिधि नेमरा पहुंचकर शोक संतप्त सोरेन परिवार से मुलाकात कर रहे हैं और दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी पहुंचे नेमरा
शनिवार को केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा गांव पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। इसके बाद दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।इस दौरान गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और बेरमो विधायक अनूप सिंह भी केंद्रीय मंत्री के साथ मौजूद रहे।
भूपेश बघेल बोले- मां को खोने का दुख बेहद गहरा होता है
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शनिवार सुबह रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मां को खोने का दुख बेहद गहरा होता है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर इस कठिन समय में उन्हें सांत्वना देंगे और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे।
एयरपोर्ट से भूपेश बघेल सीधे नेमरा के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचकर उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने भी दी श्रद्धांजलि
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी शनिवार को नेमरा पहुंचे। उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
अलग-अलग दलों के नेताओं का नेमरा पहुंचना जारी
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। उनके स्नेहिल स्वभाव और क्षेत्र के प्रति योगदान को याद करते हुए लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और अन्य लोग लगातार नेमरा पहुंच रहे हैं और परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
तीसरे दिन का कर्मकांड भी हुआ
शनिवार को नेमरा में दिवंगत रूपी सोरेन के निधन के बाद तीसरे दिन का कर्मकांड भी आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के परिवार के सदस्यों के साथ गांव के महिला और पुरुषों के शामिल होने की बात कही गई है।रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने और शोकाकुल परिवार से मिलने के लिए नेमरा में लोगों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।

