कुमार इंदर, जबलपुर। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के जंगलों से सफर शुरू कर लगभग 300 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करते हुए 40 हाथियों का एक विशाल झुंड जबलपुर के बरगी क्षेत्र में दाखिल हो गया है। हाथियों के इस बड़े दल के पहुंचने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
बालाघाट के रास्ते बरगी में एंट्री
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह झुंड छत्तीसगढ़ के जंगलों से रवाना होकर बालाघाट के रास्ते मध्य प्रदेश की सीमा में दाखिल हुआ। बालाघाट के चूरापूड़ी, नकटिया और परासिया जैसे ग्रामीण व वन क्षेत्रों को पार करते हुए हाथियों यह दल जबलपुर के बरगी क्षेत्र तक पहुंच गया है। इतने बड़े जंगली जानवरों के इस तरह रिहायशी और वनीय सीमाओं के पास पहुंचने से स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
हरियाली और भोजन बने मुख्य आकर्षण
वन विशेषज्ञों और अधिकारियों के अनुसार, हाथियों के इस झुंड के इतनी लंबी दूरी तय करके यहां तक पहुंचने की मुख्य वजह बरगी और उसके आसपास के जंगलों में प्रचुर मात्रा में मौजूद हरियाली, पानी और पर्याप्त भोजन (चारा) की उपलब्धता है, जो इन वन्यजीवों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
वन विभाग अलर्ट, 40 से ज्यादा कर्मी तैनात
हाथियों के बरगी पहुंचने की सूचना मिलते ही जबलपुर वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। हाथियों की लगातार तलाश और उनकी हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए 40 से अधिक वनकर्मियों की विशेष टीम मैदानी इलाकों में तैनात कर दी गई है। इसके अलावा सीमावर्ती सिवनी वन विभाग को भी इस मूवमेंट की पूरी जानकारी दे दी गई है ताकि दोनों जिलों की टीमें समन्वय के साथ काम कर सकें। हाथियों की सुरक्षा और ग्रामीणों की सतर्कता के लिए 24 घंटे पैनी नजर रखी जा रही है।
ग्रामीणों के लिए एडवाइजरी जारी
राहत की बात यह है कि अब तक हाथियों द्वारा किसी भी प्रकार के बड़े नुकसान या जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि, एहतियात के तौर पर वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी करवा दी है और ग्रामीणों को सलाह दी है कि वे घने जंगलों की तरफ बिल्कुल न जाएं तथा जंगली हाथियों के पास जाने से बचें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

