​Automobile Desk: नई दिल्ली। देश की दिग्गज दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी नई परफॉरमेंस बाइक Xtreme 250R Carbon को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस नई स्ट्रीटफाइटर मोटरसाइकिल को 1.98 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर पेश किया है। दैनिक इस्तेमाल की सहूलियत, राइडर असिस्टेंस और अडवांस कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान देते हुए इस नए एडिशन को कई हाइटेक और प्रीमियम फीचर्स से लैस किया गया है।

​हीरो ने सबसे पहले 250cc के इस लिक्विड-कूल्ड इंजन प्लेटफॉर्म को भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 के दौरान पेश किया था। उसी मजबूत बुनियाद पर तैयार यह नया कार्बन अवतार अब ज्यादा एडवांस्ड तकनीकों के साथ आता है। बाइक में राइड-बाय-वायर थ्रॉटल टेक्नोलॉजी, क्रूज़ कंट्रोल, बिना क्लच दबाए गियर बदलने के लिए बाइ-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर और बेहतर राइड हैंडलिंग के लिए फ्रीक्वेंसी सेलेक्टिव डैम्पिंग (FSD) वाला रियर मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है।

नया TFT डिस्प्ले और कनेक्टेड फीचर्स

इस मोटरसाइकिल का सबसे प्रमुख आकर्षण इसमें दिया गया नया 4.2 इंच का मल्टी-कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है। यह डिस्प्ले एक नए इंटरफेस के साथ आता है, जिसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए 60 से भी ज्यादा स्मार्ट फीचर्स का एक्सेस मिलता है। इसके साथ ही सुर‍क्षा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इसमें रियल-टाइम टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और लंबी दूरी की यात्रा को आसान बनाने वाला क्रूज़ कंट्रोल भी शामिल किया गया है।

राइडिंग मोड्स और पावरफुल इंजन

एक्सट्रीम 250आर कार्बन में राइडर को अलग-अलग परिस्थितियों के हिसाब से 4 राइडिंग मोड्स— Rain, Road, Sport और Track मिलते हैं। बाइक में दिया गया ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम इन मोड्स के हिसाब से खुद को एडजस्ट करता है। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ असिस्ट एंड स्लिपर क्लच और बाइ-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर की सुविधा मिलती है।

​परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें 250cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन लगा है, जो 9,250 rpm पर 30PS की अधिकतम पावर और 7,500 rpm पर 25.3Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी का दावा है कि यह बाइक महज 3.2 सेकंड में 0 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है, जबकि 0 से 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड तक पहुंचने में इसे सिर्फ 8.5 सेकंड का समय लगता है। फ्यूल क्षमता के लिए इसमें 11.5 लीटर का टैंक दिया गया है।

चेसिस, ब्रेक और सस्पेंशन

रोड ग्रिप और स्थिरता के लिए बाइक में ट्रेलिस फ्रेम के साथ फ्रंट में USD (अपसाइड-डाउन) फोर्क्स और रियर में एफएसडी मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। ब्रेकिंग की जिम्मेदारी स्विचेबल डुअल-चैनल ABS के साथ फ्रंट में 320mm और रियर में 230mm डिस्क ब्रेक पर है। इसमें 17-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जिन पर आगे 110/70 और पीछे 150/60 सेक्शन के चौड़े ट्यूबलेस टायर चढ़े हैं। बाइक की सीट हाइट 806mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 167mm रखा गया है।

शार्प डिजाइन और कलर ऑप्शंस

लुक और स्टाइल के मामले में बाइक को काफी एग्रेसिव और मस्कुलर डिजाइन दिया गया है। इसमें स्प्लिट सीट सेटअप, मस्कुलर फ्यूल टैंक, एंगुलर पैनल्स और अपस्वैप्ट एग्जॉस्ट मिलता है। ग्राहक इसे तीन आकर्षक रंगों— Carbon Red, Carbon Black और Carbon White में खरीद सकते हैं। लाइटिंग के लिए DRLs के साथ क्लास-डी LED प्रोजेक्टर हेडलाइट, सिग्नेचर H-शेप LED टेललैंप और हैज़र्ड लाइट फंक्शन के साथ LED इंडिकेटर्स दिए गए हैं।