दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 50 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन जब्त की है। मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, रोहिणी इलाके की टीम ने विशेष अभियान चलाकर दिल्ली में सक्रिय ड्रग रैकेट का पता लगाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थ की बड़ी खेप बरामद की और नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे दिल्ली-NCR समेत किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
4 आरोपी गिरफ्तार, कार से हेरोइन और नकदी बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी 58 वर्षीय लक्ष्मण हुड्डा, दिल्ली के रघुबीर नगर निवासी 51 वर्षीय अनिल उर्फ भोला, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी 35 वर्षीय बबलू और बरेली निवासी रुकसार अली उर्फ राजू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को बेगमपुर इलाके में मादक पदार्थों की आवाजाही की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-32 में एक कार को रोककर तलाशी ली। कार सवार लक्ष्मण हुड्डा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि कार से 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
17 सितंबर को सोनीपत से गिरफ्तार हुआ भोला
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अनिल उर्फ भोला को 17 सितंबर को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया गया था। तलाशी के दौरान उसकी कार से 501 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, भोला के खिलाफ पहले से 12 मामले दर्ज हैं। भलस्वा डेयरी थाने में दर्ज एनडीपीएस मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया था, लेकिन तय समय पर आत्मसमर्पण नहीं किया। इसके बाद अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
4 अक्टूबर को लखनऊ में फिर छापा
पुलिस के मुताबिक, आगे की जांच और तकनीकी निगरानी के आधार पर 4 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित जानकीपुरम की सीता कॉलोनी में एक कथित हेरोइन निर्माण इकाई पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान बबलू को गिरफ्तार किया गया और 6.275 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। अधिकारी के अनुसार, मौके से 2.504 किलोग्राम सोडियम, 787 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड समेत अन्य सामान भी बरामद किया गया। इनमें टब, गैस सिलेंडर, मिक्सर ग्राइंडर, बर्तन, पॉलीथीन, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और लकड़ी की टोकरी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बबलू से मिली जानकारी के आधार पर कथित विनिर्माण इकाई के मुख्य आपूर्तिकर्ता और मालिक रुकसार अली उर्फ राजू को बरेली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश तक फैले अंतरराज्यीय हेरोइन आपूर्ति और निर्माण नेटवर्क का पता चला है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

