जंतर-मंतर पर CJP के आंदोलन के दौरान मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किए गए यूट्यूबर स्वतंत्र भारद्वाज (Swatantra Bhardwaj) ने अब दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) का रुख किया है। भारद्वाज ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका (Habeas Corpus) दायर कर अपनी गिरफ्तारी को अवैध घोषित करने की मांग की है। याचिका में उन्होंने तत्काल सुनवाई की मांग की थी। हाई कोर्ट ने उनकी इस मांग पर सहमति जताते हुए मामले की जल्द सुनवाई के लिए मंजूरी दे दी है।
स्वतंत्र भारद्वाज की ओर से अधिवक्ता उमेश शर्मा ने चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस करिया की पीठ के सामने मामले को उठाया। अधिवक्ता ने कोर्ट से याचिका पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया, जिस पर अदालत ने आज ही सुनवाई करने पर सहमति जताई। उमेश शर्मा ने अदालत को बताया कि भारद्वाज पिछले तीन दिनों से हिरासत में हैं। उन्हें 5 सितंबर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था। भारद्वाज पर आरोप है कि उन्होंने CJP के आंदोलन के दौरान एक दलित यूट्यूबर के पिता के साथ मारपीट की थी। इसी मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस, CJP और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके बाद भारद्वाज के खिलाफ दर्ज FIR में SC-ST एक्ट, पॉक्सो एक्ट और हत्या के प्रयास से जुड़ी धाराएं जोड़ी गई थीं। भारद्वाज उस समय फिर चर्चा में आए, जब एक पॉडकास्ट में उन्होंने संजय कुमार पर कड़े से हमला करने का जिक्र किया। पॉडकास्ट के दौरान भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को अपना भाई बताया था। इस मामले में चिराग पासवान की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है, जबकि कपिल मिश्रा ने फिलहाल इस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। पॉडकास्ट में भारद्वाज ने दावा किया था कि उनके पास दिल्ली पुलिस के जूते और डंडे समेत अन्य सामान हैं और बिना फॉर्म भरे ही वह दिल्ली पुलिस में होने की बात कह सकते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि संजय कुमार पर हमले के मामले में उन पर हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा लगनी चाहिए थी, लेकिन उन्हें एक दिन भी जेल में नहीं रहना पड़ा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



