मनोज यादव, कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कुख्यात सूदखोर मामा-भांजा की गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने शिकायत करने से नाराज होकर पीड़ित का रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रार्थी गजानंद राठौर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मामा-भांजा इरफान कुरैशी और सलमान कुरैशी उसे लगातार परेशान कर रहा है। आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर धमकाया कि तुम बार-बार शिकायत कर हमें परेशान करते हो। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस से लगाई गुहार

CSP चतुर्वेदी ने बताया कि इरफान कुरैशी के खिलाफ पहले भी सूदखोरी और एक्सटॉर्शन से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। वह आदतन सूदखोर है। वहीं पीड़ित गजानंद राठौर ने थाना के सामने बताया कि मेरे को इरफान कुरैशी और सलमान कुरैशी ने जान से मारने की धमकी दी है। इससे मैं बहुत भयभीत हूं और मेरा परिवार भी भयभीत है। राठौर ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसकी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए, ताकि उसका पूरा परिवार सुरक्षित रह सके।

पहले भी कई बार हो चुकी है कार्रवाई

बताया जा रहा है कि कोरबा पुलिस ने इसके पहले भी इरफान कुरैशी के खिलाफ कई बार कार्रवाई की है। पूर्व में उसके कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, पासबुक, चेक बुक और एग्रीमेंट पेपर जब्त किए थे। आरोपी के निशाने पर खासकर सरकारी कर्मचारी रहते हैं। वह कर्मचारियों को अपने जाल में फंसाकर मोटी रकम वसूलता है। तरीका यह है कि एक लाख रुपये उधार देने के बाद वह पीड़ित से एटीएम, पासबुक और अन्य दस्तावेज रख लेता है और फिर कई लाख रुपये वसूल करता है। ब्याज पर ब्याज लगाकर वह लोगों को कर्ज के जाल में फंसाए रखता है, जिससे परेशान होकर कई पीड़ितों ने पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m