कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राज्य के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के आदेशों को ठेंगा दिखाने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। जबलपुर-भोपाल मार्ग पर स्थित शहपुरा टोल नाके को अस्थाई रूप से बंद किए जाने के दावों के बावजूद वहां धड़ल्ले से टोल वसूली जारी है। टोल वसूली का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था और टोल ठेकेदार की मनमानी की पोल खोलकर रख दी है।

पुल टूटने के कारण यातायात डायवर्ट

पूरा मामला जबलपुर-भोपाल मार्ग से जुड़ा हुआ है, जहां हाल ही में पुल टूटने के कारण यातायात को डायवर्ट (दूसरे रास्ते पर मोड़) करना पड़ा था। मार्ग डायवर्ट होने के बाद वाहन चालकों को मजबूरी में शहपुरा टोल नाके से गुजरना पड़ रहा था और अतिरिक्त टोल टैक्स चुकाना पड़ रहा था। इसको लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा था।

भोपाल मास्टर प्लान-2047 का ड्राफ्ट जारी: CM डॉ मोहन ने प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण पर दिया जोर,

जमीनी हकीकत बिल्कुल जुदा

जनता के भारी विरोध को देखते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस टोल नाके को बंद करने के स्पष्ट आदेश जारी किए थे। इतना ही नहीं, मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी सार्वजनिक मंच से शहपुरा टोल नाका अस्थाई रूप से बंद करने का ऐलान किया था। लेकिन जमीनी हकीकत इन बड़े दावों से बिल्कुल जुदा है।

आदेशों की अवहेलना और वसूली

मंत्रियों के ऐलान और स्पष्ट आदेश के बावजूद शहपुरा टोल नाके पर तैनात कर्मचारी वाहन चालकों से जबरन टोल टैक्स वसूल रहे हैं। वाहन चालकों द्वारा विरोध जताने और केंद्रीय मंत्री के आदेश का हवाला देने के बाद भी खुलेआम पैसे मांगे जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री के आदेशों की इस तरह खुलेआम हो रही अवहेलना पर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। देखना होगा कि इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन लापरवाह टोल ठेकेदार पर क्या कार्रवाई करता है।

नकुलनाथ का बड़ा दावा: वोट चोरी से हारे कमलनाथ, X पर लिखा- ‘असंभव था कमलनाथ का मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 हारना’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m