संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक प्रतिष्ठित बिजनेसमैन को कथित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के जरिए शिकार बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने कारोबारी को दुष्कर्म (Rape) और एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर करीब 40 लाख रुपये ऐंठ लिए और इसके बाद 1.5 करोड़ रुपये की और मांग कर डाली। बिजनेसमैन की शिकायत पर बागसेवनिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला, उसके पति और पिता तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

झांसे में लेकर ऐंठे 40 लाख, फिर 1.5 करोड़ की अड़ीबाजी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी ने बागसेवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों का एक गिरोह उन्हें लगातार झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देकर भारी रकम की वसूली कर रहा था। ब्लैकमेलिंग के तहत पहले आरोपी महिला और उसके साथियों ने कारोबारी से 5 लाख और फिर 10 लाख रुपये नकद ऐंठे। इसके बाद केस वापस लेने और समझौते के नाम पर 25 लाख रुपये की और वसूली की गई। इस तरह आरोपी अब तक कुल 40 लाख रुपये वसूल चुके थे। 40 लाख रुपये हड़पने के बाद भी आरोपियों का पेट नहीं भरा। उन्होंने पीड़ित से 1.5 करोड़ रुपये की नई डिमांड रख दी। पैसे न देने पर दोबारा झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं।

पति-पत्नी और पिता गिरफ्तार, कारोबारी ने सौंपे अहम सबूत

लगातार मिल रही धमकियों और भारी रकम की मांग से तंग आकर बिजनेसमैन ने हिम्मत जुटाई और पुलिस की शरण ली। तीन आरोपी गिरफ्तार: कारोबारी की शिकायत पर बागसेवनिया पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल दबिश दी और आरोपी महिला रत्नप्रिया देवड़ा, उसके पति राम कुमार धाकड़ और पिता रामकृष्ण देवड़ा को गिरफ्तार कर लिया।

साक्ष्य पुलिस के सुपुर्द

पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को ब्लैकमेलिंग से जुड़े कई पुख्ता सबूत सौंपे हैं। इनमें बैंक चेक, एग्रीमेंट पेपर (अनुबंध पत्र), कॉल रिकॉर्डिंग्स और व्हाट्सएप चैट (WhatsApp Chats) शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने मामले में अहम साक्ष्य बनाया है। बागसेवनिया पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जाँच कर रही है कि इस हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के गिरोह ने शहर में किसी अन्य व्यक्ति या कारोबारी को तो अपना शिकार नहीं बनाया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m