शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित विजय मेवाड़ा हत्याकांड का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। मामले में गवाही न देने और समझौते के लिए गवाह के परिवार को हथियार का खौफ दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। फरियादी महिला की शिकायत पर अशोका गार्डन थाना पुलिस ने कुख्यात आरोपी आसिफ बम के भाई शरीफ बच्चा और उसके साथी मुसर्रफ के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता जब क्षेत्र में लिट्टी-चोखा लेने गई थी, तभी आरोपी शरीफ बच्चा और मुसर्रफ वहां पहुंचे। आरोपियों ने महिला को रोककर उसके बेटे कृष्णा के बारे में पूछताछ की, जो विजय मेवाड़ा हत्याकांड में एक मुख्य गवाह है। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने अपनी कमर में लगी पिस्टल/हथियार की तरफ इशारा करते हुए उसे डराने और धमकाने की कोशिश की।आरोपियों ने महिला से साफ शब्दों में कहा कि यदि उसका बेटा कृष्णा अदालत में विजय मेवाड़ा हत्याकांड में गवाही देने गया, तो वे उसे गोली मार देंगे।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश

घटना के बाद डरी-सहमी महिला ने तुरंत अशोका गार्डन थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती बताई। पुलिस ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ गवाह को डराने-धमकाने और साजिश रचने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। अशोका गार्डन पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। गवाहों की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m