प्रतीक पटनायक, धमतरी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। उनके बयान से नाराज विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के धमतरी में विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पटना के ज्ञान भवन में भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का जिक्र किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि जब मोदी जी करीब पांच करोड़ गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध करा रहे थे, तब प्रभु श्रीराम भी 400 साल से टेंट में इंतजार कर रहे थे कि ‘मोदी जी, हमको घर कब दोगे।’

हिंदू संगठनों ने फूंका पुतला

सम्राट चौधरी के इस बयान से नाराज विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता शुक्रवार को धमतरी के गांधी मैदान के पास बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।

इस दौरान बजरंग दल के जिला मंत्री प्रिंस जैन ने सम्राट चौधरी के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम इस पूरे जगत के पालनकर्ता हैं, जिनकी छत्रछाया में आप रह रहे हो, आप उनको आवास दोगे? उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में चूर-चूर हो गए हैं सम्राट चौधरी। इसके साथ ही पीएम मोदी से बजरंग दल ने निवेदन की है कि ऐसे लोगों के साथ न रहें, नहीं तो आपकी जो हिंदुत्ववादी छवि बनी है, वह ध्वस्त हो जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H