Hisar Firing Incident : कृष्ण कुमार सैनी, हिसार। हरियाणा के हिसार में बुधवार देर रात सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई। मॉडल टाउन क्षेत्र की दयानंद कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास कांवड़ियों को विदा करने आए एक परिवार पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में एक दंपती और उनकी 12 वर्षीय भतीजी घायल हो गई। तीनों को उपचार के लिए जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दयानंद कॉलोनी निवासी गोविंद (36), उनकी पत्नी निशा (30) और 12 वर्षीय बीरा उर्फ गुन्नू शिव मंदिर के पास कांवड़ियों को विदा करने पहुंचे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए 5 से 6 नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर करीब छह राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोलियों के खाली खोखे बरामद किए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


