Hisar Road Accident : हिसार। हरियाणा के हिसार में रविवार शाम गणेश विसर्जन के बाद घर लौट रहे तीन युवकों के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बधावड़ गांव के पास अचानक एक पिकअप का टायर फट गया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर बाइक सवार युवकों से जा टकराया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

विसर्जन के बाद बाइक से लौट रहे थे तीनों युवक

जानकारी के मुताबिक बरवाला के वार्ड नंबर-3 से कुछ लोग रविवार को गांव खरक पूनिया के पास नहर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग वापस अपने घरों की ओर लौट रहे थे।

इसी दौरान वार्ड नंबर-3 निवासी मोहित (23), वंश (19) और यशु एक बाइक पर सवार होकर बरवाला की तरफ आ रहे थे। करीब शाम 7 बजे जब वे बधावड़ गांव के पास पहुंचे, तभी उनके साथ यह हादसा हो गया।

अचानक फटा पिकअप का टायर, चालक ने खोया नियंत्रण

बताया गया है कि युवकों की बाइक के पास से गुजर रही पिकअप का टायर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। टायर फटने के बाद पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर बाइक से जा टकराया।

टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों और साथ चल रहे परिजनों ने घायलों को संभाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में दो युवकों ने तोड़ा दम

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहित और वंश को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे युवक यशु का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।

दोनों मृतक एक ही गारमेंट्स दुकान पर करते थे काम

मोहित और वंश दोनों एक ही गारमेंट्स की दुकान पर काम करते थे। दोनों युवकों की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया। घटना के बाद बरवाला और आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है।

पुलिस ने हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और पिकअप चालक की भूमिका को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m