Hisar Firing : हिसार में देर रात कैमरी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार हमलावरों ने वहां मौजूद दो लोगों पर अचानक गोलियां चला दीं। वारदात में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, कैमरी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर बाइक सवार कुछ अज्ञात लोगों ने हरिता गांव निवासी नरेश नागल उर्फ सुटला और बयानाखेड़ा निवासी धर्मबीर को निशाना बनाया। हमले में नरेश नागल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धर्मबीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल धर्मबीर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ हमलावरों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। मृतक नरेश नागल उर्फ सुटला के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि, फायरिंग की असली वजह और हमलावरों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

