हिसार। हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में गुरुवार को छात्र सम्मेलन की अनुमति की मांग को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला की मौजूदगी में प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय के कुलपति (वीसी) कार्यालय का मुख्य द्वार तोड़ दिया।

पिछले दरवाजे से अपनी गाड़ी लेकर निकले कुलपति

मिली जानकारी के मुताबिक, जब छात्र और जजपा कार्यकर्ता वीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे, उसी दौरान कुलपति पिछले दरवाजे से अपनी गाड़ी लेकर निकल गए। इसके बाद उत्तेजित छात्रों ने कार्यालय के भीतर दाखिल होने का प्रयास किया, जिसे पुलिस बल ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिससे परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की

स्थिति बिगड़ते देख विश्वविद्यालय प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की। मौके पर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती को लेकर दिग्विजय चौटाला ने आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों के प्रदर्शन के बीच महिला पुलिस कर्मियों को क्यों बुलाया गया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बीच में न आने की चेतावनी भी दी।

जजपा और छात्रों ने कुलपति कार्यालय पर किया कब्जा

झड़प और हंगामे के बीच जजपा कार्यकर्ताओं और छात्रों ने कुलपति कार्यालय पर कब्जा कर लिया। छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। फिलहाल मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि स्थिति को नियंत्रण में लाया जा सके।