हिसार। गणेश मार्केट में सोमवार को मोबाइल चोरी का ऐसा मामला सामने आया, जिसमें चोर और मोबाइल का असली मालिक एक ही दुकान पर पहुंच गए। मोबाइल मालिक चोरी के बाद नया फोन खरीदने शिवाय मोबाइल शॉप नंबर-68 पर पहुंचा था। इसी दौरान दो युवक चोरी का मोबाइल बेचने दुकान पर आ गए। दुकानदार ने बिल और डिब्बा मांगा तो वे नहीं दिखा सके। मोबाइल का लॉक नंबर भी नहीं बता पाए। तभी मालिक ने फोन पहचान लिया और अपना पिन डालकर लॉक खोल दिया। इसके बाद दोनों युवकों को मौके पर पकड़ लिया गया और डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

दुकानदार ने मांगा बिल और डिब्बा
दुकानदार के अनुसार, दोनों युवक मोबाइल बेचने के लिए दुकान पर आए थे। दुकानदार सुमित ने उनसे मोबाइल का डिब्बा और बिल मांगा। इस पर एक युवक ने कहा कि उसके पास न तो बिल है और न ही मोबाइल का डिब्बा।
इसके बाद दुकानदार ने मोबाइल का लॉक नंबर पूछा। युवक लॉक नंबर नहीं बता सका। इसी दौरान दुकान पर मौजूद मोबाइल मालिक को फोन पहचान में आ गया।
मालिक ने पिन डाला तो खुल गया लॉक
मोबाइल मालिक ने कहा कि वह फोन का पिन खोल सकता है। उसने फोन में अपना पिन नंबर डाला तो लॉक खुल गया। इसके बाद मोबाइल चोरी होने की बात सामने आ गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई।
नहर में नहाने के दौरान चोरी हुआ था मोबाइल
दुकानदार सुमित के अनुसार, मोबाइल मालिक ने बताया कि वह एक दिन पहले दोस्तों के साथ गया था। वहां कुछ युवक भी आए थे। वह अपना मोबाइल बैग में रखकर नहर में नहाने चला गया।
नहाने के बाद उसने बैग चेक किया तो एक मोबाइल गायब मिला। बाद में जब वही मोबाइल बेचने के लिए आरोपी दुकान पर पहुंचे तो असल मालिक ने उसे पहचान लिया।
पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ा
डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों के अनुसार, सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां से दो युवकों को पकड़ा। पुलिसकर्मियों ने बताया कि एक दिन पहले ही मोबाइल चोरी की शिकायत थाने में आई थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक मोबाइल बेचने के लिए खुद ही दुकान पर पहुंचे थे। वहां मोबाइल के असली मालिकों ने फोन पहचान लिए और पुलिस को सूचना दी।
दुकानदारों ने शराब पीने की बात कही
मार्केट के दुकानदारों ने बताया कि दोनों युवक खुद को हिसार का रहने वाला बता रहे थे। दुकानदारों के मुताबिक, दोनों ने शराब पी हुई थी।
दुकानदारों ने यह भी बताया कि युवक डायल 112 नहीं बुलाने की बात कह रहे थे। वे कह रहे थे कि दूसरा फोन उनके घर रखा है और वे उसे लाकर दे देंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


