Hisar Petrol Fire Incident : हिसार: हरियाणा के हिसार जिले के गांव न्यौलीकलां में आधी रात एक घर के भीतर ऐसा विवाद हुआ, जिसने तीन लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया। पत्नी से मिलने पहुंचे एक व्यक्ति को देखकर पति का गुस्सा कथित तौर पर इस कदर बढ़ गया कि उसने पत्नी और उसके प्रेमी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस दौरान पति भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना में घायल पति, पत्नी और उसके प्रेमी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और वे ICU में उपचाराधीन हैं।
आधी रात घर पहुंचा था रघुबीर
जानकारी के अनुसार, गांव न्यौलीकलां निवासी बलवान अपनी पत्नी मीरा और दो बच्चों के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि मीरा की पहचान हिसार के बगला रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान बिहार निवासी रघुबीर से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई है। इसकी जानकारी बलवान को भी हो गई थी।
बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 से 1 बजे के बीच रघुबीर कथित तौर पर मीरा से मिलने उसके घर पहुंचा। उस समय बलवान भी घर में मौजूद था। रघुबीर को देखकर बलवान और उसके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप
आरोप है कि गुस्से में बलवान ने मीरा और रघुबीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अचानक आग की लपटों में घिरे दोनों खुद को बचाने के लिए जूझने लगे। इसी दौरान बलवान ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन रघुबीर ने उसे पकड़ लिया। इस खींचतान के दौरान बलवान भी आग की चपेट में आ गया और झुलस गया।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तीनों को गंभीर रूप से झुलसी हालत में अस्पताल ले जाया गया।
तीनों ICU में, हालत गंभीर
घटना में घायल बलवान और उसकी पत्नी मीरा को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, रघुबीर को हिसार के नागरिक अस्पताल से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फिलहाल तीनों ICU में भर्ती हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ले रही घायलों के बयान
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी अमित कुंडू के अनुसार, घटना के संबंध में घायलों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है, ताकि विवाद की असल वजह और आग लगने की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस जांच और घायलों के बयानों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

