हिसार: विनोद पानू हत्याकांड में लंबे समय से पुलिस की तलाश में चल रहा आरोपी संदीप उर्फ ‘फिल्मी’ आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। भिवानी रोहिल्ला के पास हुई मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मौजूद आरोपी अनिल को भी पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश में टीम इलाके में मौजूद थी। इसी दौरान भिवानी रोहिल्ला के पास संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई। आरोप है कि पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई।
मुठभेड़ के दौरान संदीप उर्फ ‘फिल्मी’ के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, उसके साथी अनिल को भी पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और कुछ खाली राउंड बरामद किए गए। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक दोनों आरोपियों पर हत्या, हत्या के प्रयास, गवाह को गोली मारने और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में 10 से अधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

